पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों मौतें शराब में कोई जहरीले पदार्थ मिलाने के कारण हुई हैं या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देसी शराब पीने से एक पार्षद समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। इस बारे में जानकारी देते हुए शनिवार को जिले के SDOP (अनुविभागीय अधिकारी पुलिस) टोपेश वर्मा ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की रात पामगढ़ कस्बे में हुई और मृतकों की पहचान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक चलाने वाले जोहित खरे (52) के रूप में हुई है।
वर्मा ने बताया कि दोनों मृतकों ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर देसी शराब पी थी। घर लौटने के बाद उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उन्हें पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां से जांगड़े को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) भेजा दिया गया, जबकि खरे को उसी शहर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पीएम रिपोर्ट के बाद ही होगा सही वजह का खुलासा
अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ थाना प्रभारी राकेश सूर्यवंशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कमल नाथ खरे उर्फ राजा, जिसने अन्य लोगों के साथ शराब पी थी, की हालत शनिवार को बिगड़ गई। उसे बिलासपुर के सिम्स में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस चौथे व्यक्ति मुकेश कश्यप उर्फ गोलू से पूछताछ कर रही है।
शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने का भी शक
पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ये मौतें शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी के कारण हुईं या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम, विसरा जांच और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter