धर्म परिवर्तन और दहेज का विरोध करने पर लड़की के मायके वालों पर हमला किया गया. लड़की के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज जारी है.
लुधियाना: लुधियाना में एक युवती ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर धोखे से शादी करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती कृतिका वर्मा का दावा है कि उसके पति करणवीर ने खुद को जटसिख बताकर उससे शादी की, लेकिन ससुराल पहुंचने पर परिवार के धर्म परिवर्तन की बात सामने आई. लड़की के पिता ने जब इस बात का विरोध किया तो लड़की के ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके मायके परिवार पर हमला कर दिया. हमले में लड़की के पिता के गंभीर चोटें पहुंची, जिनको बाद में अस्पताल भर्ती करवाया गया. पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
बाइक राइडिंग के दौरान हुई दोस्ती, फिर प्यार और फिर शादी
कृतिका के पिता विपन कुमार वर्मा के मुताबिक, उनकी बेटी और करणवीर दोनों बाइकर्स हैं. दोनों की मुलाकात बाइक राइडिंग के दौरान हुई थी. करणवीर उनकी बेटी के कार्यस्थल एप्पल स्टोर पर भी आने लगा और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. करणवीर ने खुद को करणवीर सिंह सिद्धू और जटसिख बताया था. परिवार की जानकारी लेने के बाद दोनों का रिश्ता तय हुआ.
2 सितंबर को शिव मंदिर में की शादी
पिता के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को लुधियाना के संत विहार स्थित शनि शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई. 5 सितंबर को बेटी को विदा किया गया, जबकि 5 अक्टूबर को जब वह ससुराल पहुंची तो घर में बने एक बड़े हॉल को चर्च के रूप में देखकर हैरान रह गई.
पहली रात ही होली बाथ करवा धर्म बदलवाया
कृतिका के पिता का आरोप है कि ससुर ने शादी स्वीकार करने से इनकार कर दिया और ईसाई धर्म अपनाने के बाद ही शादी मानने की बात कही. आरोप है कि रात को युवती का फोन बंद करवाकर उसे तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में ले जाया गया, जहां पानी में डुबकी लगवाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया. युवती ने इस दौरान अनुचित तरीके से छूने और वीडियो बनाने का आरोप भी लगाया है.
युवती के मुताबिक, पति की छाती पर ‘नन्नू’ नाम का टैटू था, जिसके साथ 16 अक्टूबर 2021 की तारीख भी लिखी थी. उसका दावा है कि पति ने दूसरी लड़की से संबंध होने की बात स्वीकार की.
दहेज में 10 लाख रुपए की डिमांड भी की
परिवार ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपये और दहेज की मांग की. मांग पूरी नहीं होने पर युवती को घर से निकाल दिया गया. इसके बाद उसने हैबोवाल के जोगिंदर नगर में किराये पर रहना शुरू किया, जहां पति पर मारपीट करने का भी आरोप है. युवती के पिता ने ईसाई मिशनरी से कथित तौर पर मोटी रकम लेने का आरोप भी लगाया है. फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. आरोपों की जांच और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter