ई-केवाईसी से बढ़ी गरीबों की परेशानी, राशन संकट को लेकर कांग्रेस पार्षद कलेक्ट्रेट पहुंचे

बिलासपुर। राशन कार्ड में ई-केवाईसी अनिवार्य किए जाने के बाद गरीब और जरूरतमंद परिवारों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। ई-केवाईसी न होने के कारण कई लोगों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनके सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है।

इसी गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम बिलासपुर के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सभी पार्षद सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपकर मांग की कि गरीबों का राशन किसी भी हाल में बंद न किया जाए और इस समस्या का तुरंत समाधान निकाला जाए।

कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि ई-केवाईसी न होने पर राशन दुकानदार लोगों को बार-बार चक्कर लगवा रहे हैं। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और ग्रामीण इलाकों के लोग तकनीकी दिक्कतों के कारण ई-केवाईसी नहीं करवा पा रहे हैं, लेकिन इसका नुकसान उन्हें राशन बंद होने के रूप में उठाना पड़ रहा है।

पार्षदों ने मांग की कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और जिन लोगों की ई-केवाईसी किसी वजह से नहीं हो पाई है, उनका राशन न रोका जाए। साथ ही राशन दुकानों पर हो रही मनमानी पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।

इस मामले पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार ही सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों का राशन ई-केवाईसी के कारण बंद हुआ है, उनकी दोबारा जांच कराई जाएगी और पात्र पाए जाने पर उनका राशन फिर से शुरू किया जाएगा।

फिलहाल आम जनता को प्रशासन से उम्मीद है कि ई-केवाईसी के चलते किसी भी गरीब परिवार का राशन बंद न हो और जल्द से जल्द लोगों को राहत मिले।

Check Also

CG News: छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन 18 मार्च को करेंगे प्रदर्शन, जानें इनकी मांगें

CG News: छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेशभर के कर्मचारी और अधिकारी 18 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *