ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सड़क पर मामूली बात पर दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हॉर्न बजाकर साइड मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। कार सवार बदमाशों ने पीछा कर पेट्रोल पंप के पास युवक की गाड़ी को रोका और जमकर तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सामने चल रही कार को दिया था हॉर्न
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना झांसी रोड और अस्पताल रोड इलाके की है। नाट्य कला मंदिर के पास रहने वाले संकेत दुबे अपनी सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान उनके आगे एक इलेक्ट्रिक कार रास्ते पर लहराते हुए चल रही थी। आगे निकलने के लिए संकेत ने साइड मांगने के वास्ते हॉर्न बजाया और रास्ते से हटने को कहा। आरोप है कि इसी बात पर आगे चल रहे कार सवार भड़क गए और संकेत को सबक सिखाने के लिए उसका पीछा करने लगे।
पेट्रोल पंप पर रोककर गाड़ी में की तोड़फोड़
आरोपियों ने पीछा करते हुए चेतकपुरी गेट के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास संकेत की कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद रोहित यादव और उसके साथ मौजूद एक अन्य शख्स हाथ में डंडे लेकर नीचे उतरे और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने गाड़ी के चारों तरफ के कांच, साइड ग्लास, आगे की दाहिनी हेडलाइट, बोनट और बंपर पूरी तरह तोड़ दिए। इस दौरान विरोध करने पर संकेत के साथ मारपीट भी की गई।
“हमारी गाड़ी को हॉर्न देना मौत को बुलावा है”
पीड़ित संकेत दुबे द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते वे धमकी दे रहे थे कि “हमारी गाड़ी को हॉर्न देना मौत को बुलावा देने जैसा है। घटना के बाद डरे-सहमे पीड़ित ने थाने पहुंचकर परिजनों को सूचना दी और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी रोहित यादव और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter