Breaking News

नशे में स्कूल पहुंचने पर हेडमास्टर निलंबित, शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले हेडमास्टर के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार रामानुजनगर ब्लॉक के भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा नशे की हालत में स्कूल पहुंचे थे। स्कूल पहुंचने के बाद वे अपने कक्ष में फर्श पर लेटकर सोते पाए गए। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें देखा और वीडियो भी बनाया।

ग्रामीणों के अनुसार, वीडियो बनाए जाने के दौरान हेडमास्टर ने बच्चों को पढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वे लड़खड़ाते हुए पढ़ाते नजर आए। पूछे जाने पर उन्होंने पेट में गैस की समस्या का हवाला देकर जमीन पर लेटने की बात कही।

ग्रामीणों की सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे और शिक्षकों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। बयान में सामने आया कि संबंधित हेडमास्टर पहले भी कई बार शराब के नशे में स्कूल आते रहे हैं। साथ ही उन पर जनप्रतिनिधियों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगे हैं।

स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक कुल 23 छात्र अध्ययनरत हैं और यहां तीन शिक्षक पदस्थ हैं। हेडमास्टर कई वर्षों से इसी स्कूल में कार्यरत थे। खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने हेडमास्टर को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रतापपुर बीईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और अनुशासन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Check Also

चिटफंड घोटाले के पीड़ितों को राहत: निवेशकों की सूची तैयार, जल्द लौटेगा पैसा

चिटफंड कंपनी में निवेश कर ठगी का शिकार हुए निवेशकों के लिए राहत भरी खबर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *