Breaking News

जन्माष्टमी की तैयारी में बड़ा हादसा! 11 KV हाईटेंशन तार की चपेट में आया 13 साल का छात्र, हालत गंभीर

तखतपुर.माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल, बरेला में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी के दौरान कक्षा सातवीं का 13 वर्षीय छात्र वैभव जायसवाल हाईटेंशन 11 केवी विद्युत तार की चपेट में आ गया. करंट लगने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया और नीचे गिरने से उसके चेहरे पर भी गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. छात्र को तत्काल बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन के नीचे कार्यक्रम की तैयारी क्यों कराई गई और मटकी बांधने जैसे जोखिमपूर्ण कार्य में छात्र को क्यों लगाया गया ? साथ ही, आपात स्थिति से निपटने के लिए स्कूल में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होने को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं. परिजनों में आक्रोश हादसे की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन अस्पताल पहुंचे. घटना को लेकर परिजनों में गहरा आक्रोश है. उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बरती है. वहीं घटना के बाद बरेला और आसपास के क्षेत्र के अभिभावकों में भी नाराजगी है. स्थानीय नागरिकों और छात्र संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

स्कूल प्रबंधन को नोटिस दिया गयाः टीआई
जरहागांव थाना प्रभारी शोभा यादव के मुताबिक घटनास्थल पर तहसीलदार और बीईओ पहुंचे थे. स्कूल प्रबंधन को नोटिस दिया गया है. घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

छात्र का इलाज कराया जा रहाः प्राचार्य
वहीं स्कूल की प्राचार्य सारिका कश्यप के मुताबिक कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मटका फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था. इसी दौरान रस्सी बांधते समय छात्र तार की चपेट में आ गया. छात्र का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.

Check Also

Mohan Bhagwat Bilaspur Visit: बिलासपुर पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, छत्तीसगढ़ में संगठन के पुनर्गठन पर होगी बड़ी चर्चा?

Mohan Bhagwat Bilaspur Visit 2026: बिलासपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत दो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *