श्मशान में जलती चिता से छेड़छाड़, राख से नहाया युवक, खोपड़ी घर ले जाकर सोता मिला

मध्य प्रदेश के दतिया शहर से एक सनसनीखेज और समाज को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। झिरका बाग इलाके में एक युवक ने श्मशान घाट में जलती चिता के साथ आपत्तिजनक हरकतें कीं और चिता की राख से स्नान करने के बाद मृतक की खोपड़ी और अस्थियां अपने घर ले गया।

जानकारी के अनुसार झिरका बाग निवासी 70 वर्षीय मूलचंद्र कुशवाहा का बुधवार शाम निधन हुआ था। उसी दिन विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। रात करीब 11 बजे मोहल्ले का रहने वाला बल्ली कुशवाहा श्मशान घाट पहुंचा और जलती चिता को बिखेर दिया। इसके बाद उसने चिता की राख ठंडी कर अपने शरीर पर मल ली और खोपड़ी व अस्थियों को पॉलिथीन में भरकर घर ले गया।

अगली सुबह जब स्वजन अस्थि संचय के लिए श्मशान पहुंचे तो चिता की राख बिखरी मिली और खोपड़ी गायब थी। इस पर परिजन और मोहल्ले के लोग स्तब्ध रह गए। पूछताछ और तलाश के दौरान बल्ली कुशवाहा अपने घर में मिला, जहां वह राख से लिपटा हुआ था और उसके पास मृतक की अस्थियां रखी थीं।

घटना की जानकारी मिलने पर कुशवाहा समाज के वरिष्ठजनों ने तत्काल समाज की पंचायत बुलाई। पंचायत में इस कृत्य को अक्षम्य बताते हुए आरोपी और उसके परिवार को समाज से बेदखल करने का फैसला लिया गया। यह भी तय किया गया कि यदि समाज का कोई व्यक्ति आरोपी या उसके परिवार से किसी भी प्रकार का संबंध रखेगा, तो उस पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस निर्णय का पंचनामा भी तैयार किया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बल्ली कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिजन गहरे सदमे और मानसिक तनाव में हैं।

Check Also

CG Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का 12वां दिन, डिप्टी सीएम विजय शर्मा धर्म स्वातंत्र्य विधेयक करेंगे पेश

CG Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है. आज डिप्टी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *