Breaking News

Raja Raghuvanshi Murder Case: सोनम समेत पांचों आरोपियों की आज शिलॉन्ग कोर्ट में पेशी, पुलिस करेगी रिमांड बढ़ाने की मांग

इंदौर/शिलॉन्ग। मध्य प्रदेश के इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में शिलांग पुलिस आज सोनम समेत सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। पांचों आरोपियों को शिलॉन्ग पुलिस ने आठ दिन की रिमांड में भेजा था। अब रिमांड पूरी हो चुकी है। पूरी संभावना है कि पुलिस आगे की जांच के लिए पांचों आरोपियों की रिमांड बढ़ाने की मांग कोर्ट से करेगी। ऐसे में कोर्ट सभी आरोपियों की रिमांड बढ़ा सकती है। वहीं, शिलॉन्ग पुलिस ने इंदौर में मंगलवार और बुधवार को सोनम, राजा और राज के परिजन समेत कई लोगों से पूछताछ की है।

बता दें कि बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे शिलॉन्ग पुलिस और इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम सोनम रघुवंशी के घर पहुंची। उसकी मां और भाई गोविंद से करीब दो घंटे पूछताछ की थी। इसके बाद टीम विजय नगर इलाके में उनके ऑफिस और गोडाउन पर भी जांच करने पहुंची। इस दौरान गोविंद अपनी गाड़ी में अधिकारियों के साथ मौजूद रहा। यही टीम देवास नाका स्थित उस फ्लैट पर भी पहुंची, जहां सोनम 30 मई से 8 जून तक रुकी थी। फ्लैट को किराए पर देने वाले शिलोम जेम्स ने बताया कि फ्लैट की तलाशी ली गई है।

2 जून को मिली थी राजा की लाश
सोनम (25) और राजा (29) की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 21 मई को हनीमून के लिए असम के गुवाहाटी से होते हुए मेघालय पहुंचे थे। वे दोनों 23 मई को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में नोंग्रियाट गांव में एक होम स्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद ही लापता हो गए थे। राजा का क्षत-विक्षत शव 2 जून को वेई साडोंग फॉल्स के पास एक घाटी में मिला था। सोनम 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली थी।

राज कुशवाहा को इंदौर से पकड़ा गया
सोनम के साथ हत्या में शामिल दो आरोपी भी गिरफ्तार हुए थे। इसके बाद राज कुशवाहा को इंदौर से पकड़ा गया। वहीं, पांचवां आरोपी सागर से गिरफ्तार हुआ। सोनम और उसके प्रेमी राज ने तीन लोगों को हत्या के लिए सुपारी दी थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की और पूरे मामले का खुलासा किया। अब सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सीन रीक्रिएट कर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है। वहीं, राजा की हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं को भी जांच रही है।

Check Also

‘सत्ता आपके पास, लेकिन सड़कें हमारी…’ CJP आंदोलन से पहले अभिजीत दीपके की सरकार को चेतावनी, बेंगलुरु में आज प्रदर्शन

Abhijit Dipke Protest Warning: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर बड़े आंदोलन की तैयारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *