19 दुकानों के खुलते ही पंडरी बाजार में फिर लौटा जाम, फैसले पर उठे सवाल

शहर के व्यस्त पंडरी कपड़ा मार्केट में एक बार फिर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। मुख्य सड़क की ओर स्थित 19 दुकानों के शटर दोबारा खुलने के बाद इलाके में लगातार जाम की स्थिति बन रही है। दुकानों के सामने बेतरतीब वाहन पार्किंग के कारण सुबह से रात तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि इन दुकानों को जून 2025 में अवैध शटर और जाम की समस्या के चलते सील किया गया था। हालांकि बाद में जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा पर बैठक कर इन्हें सशर्त खोलने का निर्णय लिया गया। शर्तों के तहत दुकानों का उपयोग केवल शो-केस के लिए होना था और सामने पार्किंग नहीं करने की बात कही गई थी।

शुरुआत में कुछ दिन तक नियमों का पालन हुआ, लेकिन अब फिर से दुकानों के सामने से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है। वाहन भी वहीं खड़े किए जा रहे हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है और ट्रैफिक बाधित हो रहा है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि एक समय में केवल एक ही वाहन निकल पाता है।

यह मार्ग आसपास की कई कॉलोनियों के लिए प्रमुख रास्ता है, जहां से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। पीक आवर्स में यहां 15 से 20 मिनट तक जाम लगना आम हो गया है।

इस फैसले को लेकर शहर में चर्चा भी तेज है। कुछ लोग इसे प्रशासनिक ढील बताते हैं, तो कुछ के बीच लेनदेन की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, पंडरी कपड़ा मार्केट का मूल नक्शा ऐसा था कि दुकानों के प्रवेश द्वार अंदर की ओर थे। बाद में व्यापारियों ने सड़क की ओर दीवार तोड़कर शटर लगा लिए, जिससे सड़क पर ही पार्किंग शुरू हो गई और धीरे-धीरे जाम की समस्या बढ़ती चली गई।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और राहगीरों ने फिर से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू किया जा सके।

Check Also

अंबिकापुर से कोलकाता के लिए आज से हवाई सेवा शुरू, सप्ताह में दो दिन चलेगी फ्लाइट

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से कोलकाता के लिए हवाई सेवा गुरुवार से शुरू हो गई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *