राजधानी दिल्ली में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। दिल्ली विधानसभा को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली है। विधानसभा स्पीकर के ओएसडी को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया है कि भवन में 16 आईईडी बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:40 बजे विस्फोट करेंगे। यह धमकी ऐसे समय में आई है, जब विधानसभा का बजट सत्र जारी है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। पूरे परिसर को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) के साथ सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, विधानसभा स्पीकर के ओएसडी को भेजे गए ईमेल में धमकी देने वाले ने खुद को कोयंबटूर का निवासी बताया है। ईमेल में उसने दावा किया कि विधानसभा परिसर में आरडीएक्स से लैस 16 आईईडी बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:40 बजे विस्फोट करेंगे। साथ ही उसने चेतावनी दी कि विस्फोट से पहले परिसर को खाली करा लिया जाए। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कुछ राजनीतिक कारणों से नाराज होकर इस तरह की धमकी दी है। धमकी मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले मंगलवार को भी बजट पेश होने से ठीक पहले इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल मिला था। उस ईमेल में स्पीकर के साथ-साथ एलजी और प्रधानमंत्री का भी जिक्र किया गया था। हालांकि, उस मामले में जांच के बाद धमकी को फर्जी करार दिया गया था।
एक दिन पहले भी मिली थी धमकी
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7:28 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल भेजा गया था। इसके बाद 7:49 बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भी इसी तरह का ईमेल मिला। इस मेल में विधानसभा परिसर के साथ-साथ दिल्ली विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, उस दिन बजट सत्र चलने की वजह से पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। बावजूद इसके, सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के बाद यह धमकी फर्जी पाई गई।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter