Breaking News

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: रायपुर–बिलासपुर हाईवे पर NHAI का जागरूकता अभियान, बांटे गए हेलमेट

रायपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर–बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और तय गति सीमा में वाहन चलाना जैसे छोटे कदम कई जिंदगियों को बचा सकते हैं।

परियोजना कार्यान्वयन इकाई, बिलासपुर के परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियानों पर भी लगातार काम किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।

अभियान के दौरान सड़क दुर्घटना से निपटने के लिए मॉक-ड्रिल का आयोजन भी किया गया। इसमें दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस की त्वरित पहुंच, क्रेन के जरिए सड़क से बाधा हटाने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

सड़क सुरक्षा अभियान के साथ-साथ NHAI और एनएचआईटी के सहयोग से रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस शिविर में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ सड़क उपयोगकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

NHAI ने बताया कि प्रदेशभर में सभी टोल प्लाजा, राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख चौराहों पर लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की जा रही है।

Check Also

Surajpur Suicide Case: पत्थरों से भरी बोरी पैरों में बांधकर युवक ने कुएं में लगाई छलांग, सूरजपुर में सनसनी

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *