Breaking News

स्टेडियम खाली कराकर कुत्ता टहलाने वाले IAS अफसर की वापसी, संजीव खिरवार बने MCD के नए कमिश्नर

दिल्ली नगर निगम (MCD) के नए कमिश्नर के तौर पर 1994 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी संजीव खिरवार (Sanjeev Khirwar) को नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की। खिरवार गुरुवार को पदभार संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि संजीव खिरवार वही अधिकारी हैं, जिन पर पहले यह आरोप लगा था कि दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम को खाली कराया गया ताकि वे अपना कुत्ता टहला सकें।

तीन साल बाद दिल्ली में वापसी
यह नियुक्ति तीन साल से अधिक समय बाद हुई है। साल 2022 में खिरवार का नाम त्यागराज स्टेडियम विवाद में सुर्खियों में आया था। आरोप थे कि स्टेडियम में ट्रेनिंग कर रहे खिलाड़ियों और कोचों को शाम 7 बजे मैदान छोड़ना पड़ता था, क्योंकि खिरवार और उनकी पत्नी, आईएएस रिंकू दुग्गा, अपने कुत्ते को टहलाने आते थे। खिलाड़ियों का कहना था कि वे आमतौर पर रात 8:30 बजे तक प्रैक्टिस करते थे, लेकिन इस वजह से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही थी। इस मामले में एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें पति-पत्नी ट्रैक पर कुत्ते के साथ चलते दिख रहे थे।

हालांकि, खिरवार ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया था। स्टेडियम प्रशासन ने भी कहा कि आधिकारिक समय शाम 7 बजे तक ही था। विवाद बढ़ने पर गृह मंत्रालय ने जांच कराई, और रिपोर्ट के आधार पर खिरवार को लद्दाख ट्रांसफर कर दिया गया। उनकी पत्नी को अरुणाचल प्रदेश भेजा गया, जहां बाद में उन्हें 2023 में अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई। लद्दाख में खिरवार ने स्वास्थ्य और मेडिकल एजुकेशन जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले और अब फिर से दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी के लिए लौट रहे हैं।

विवाद के बाद क्या बदला?
विवाद के बाद तत्कालीन दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आदेश दिया था कि दिल्ली सरकार द्वारा संचालित सभी खेल सुविधाएं रात 10 बजे तक खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। अब AGMUT कैडर के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत खिरवार दिल्ली लौटे हैं। एमसीडी कमिश्नर के रूप में उनकी जिम्मेदारी काफी बड़ी होगी। खिरवार 1992 बैच के आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार की जगह लेंगे, जिन्हें हाल ही में जम्मू-कश्मीर ट्रांसफर किया गया था।

Check Also

Bride and groom injured: ट्रेलर से टकराई बारात की स्कॉर्पियो, दुल्हन समेत चालक घायल

दुर्ग से शादी की रस्में पूरी कर दूल्हा-दुल्हन को लेकर लौट रही एक तेज रफ्तार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *