पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बढ़त बनाते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद 40 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता द्वारा 31 अक्तूबर को जारी आधिकारिक पत्र में वरिष्ठ मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष और प्रमुख मौजूदा विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
सीएम भगवंत मान धूरी से लड़ेंगे, स्पीकर कुलतार संधवां कोटकपूरा से मैदान में
पार्टी की पहली सूची में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री भगवंत मान का है, जिन्हें संगरूर जिले की धूरी (107) विधानसभा सीट से दोबारा प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके साथ ही पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा (88) से उम्मीदवार बनाया गया है। डिप्टी स्पीकर जय किशन सिंह रोड़ी को गढ़शंकर (45) सीट से चुनावी समर में उतारा गया है।


मान कैबिनेट के मंत्रियों और दिग्गज चेहरों को फिर मौका
सूची में भगवंत मान सरकार के कई प्रमुख मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को उनकी वर्तमान सीटों से टिकट दिया गया है। इनमें अजनाला से कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा (जिम्पा) और करतारपुर से बलकार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा अमृतसर साउथ से डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर और लुधियाना वेस्ट से जेल में बंद संजीव अरोड़ा पर पार्टी ने विश्वास जताया है। नीतियां देखें
दिग्गजों को हराने वाले लाभ सिंह उगोके और अजीतपाल कोहली पर फिर दांव
पिछले चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले लाभ सिंह उगोके को भदौड़ (102) से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं पटियाला (115) से कैप्टन अमरिंदर सिंह को शिकस्त देने वाले अजीतपाल सिंह कोहली को पार्टी ने फिर से टिकट सौंपा है। इसके अतिरिक्त जलालाबाद से सुखबीर सिंह बादल को हराने वाले जगदीप कंबोज गोल्डी को भी पार्टी ने इसी सीट से मैदान में बरकरार रखा है।
माझा और दोआबा क्षेत्र की सीटों पर उम्मीदवार तय
माझा और दोआबा के प्रमुख क्षेत्रों में पार्टी ने अपने संगठनात्मक चेहरों को आगे किया है। बटाला से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी), तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, खेमकरण से सरवन सिंह धुन, दसूया से करमबीर सिंह घुम्मन और उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा गिल को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं चब्बेवाल सीट से डॉ. इशांक कुमार चब्बेवाल को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
महिला उम्मीदवारों और मालवा के प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों की घोषणा
पार्टी ने पहली सूची में महिला नेताओं को भी प्रतिनिधित्व दिया है। नकोदर से इंद्रजीत कौर मान, बलाचौर से संतोष कटारिया, मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और तलवंडी साबो से प्रो. बलजिंदर कौर को चुनावी टिकट दिया गया है।
इसके साथ ही मालवा के अहम हलकों में फरीदकोट के जैतो से अमोलक सिंह, फाजिल्का से नरिंदरपाल सिंह सवना, मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़, सरदुलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावाली, महल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी और अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जनमाजरा को प्रत्याशी बनाया गया है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter