सड़क हादसे में बाल-बाल बचे लखनादौन विधायक योगेंद्र सिंह बाबा, तेज रफ्तार स्कार्पियो हुई दुर्घटनाग्रस्त, धू-धूकर जली गाड़ी

MP News: सिवनी जिले के लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए. जानकारी के मुताबिक गुरुवार (4 जून 2026) को जबलपुर से घुरवाड़ा के लिए निकले थे. इस दौरान उनका वाहन अनियंत्रित होकर बाउंड्रीवाल से टकरा गया और गाड़ी के अगले हिस्से में आग लग गई. विधायक को मामूली चोट आई है. उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

धू-धूकर जली गाड़ी
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस विधायक गुरुवार को जबलपुर से घुरवाड़ा जा रहे थे. इस दौरान नेशनल हाईवे 44 पर धूमा थाना अंतर्गत उनकी स्कॉर्पियो के सामने गाय आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया. हर्बल गार्डन बंजारी हाई स्कूल की बाउंड्रीवाल से जाकर टकरा गया. जैसे ही वाहन टकराया तो उसमें आग लग गई. पहले गाड़ी के अगले हिस्से में आग लगी फिर पूरा वाहन धू-धूकर जलने लगा.

कार लॉक हुई, स्थानीय लोगों ने की मदद
गाड़ी में आग लगने के बाद कार लॉक हो गई. किसी तरह विधायक, गनमैन और ड्राइवर बाहर आए. स्थानीय लोगों ने मदद की. ड्राइवर के चेहरे पर चोट आई है.

पुलिस का क्या कहना है?
लखनादौन SDOP अपूर्व भलावी ने मीडिया को बताया कि गाय को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया. इस वजह से हादसा हुआ है. उन्होंने आगे बताया कि पुलिस मामले की विस्तार से जानकारी जुटा रही है. नई दुनिया की रिपोर्ट के मुताबिक वाहन जलकर खाक हो गया है. विधायक और गनमैन को मामूली चोट आई है. वहीं ड्राइवर के चेहरे पर गहरी चोट आई है.

Check Also

UP News: योगी सरकार इन 3 जिलों में बनाएगी नए शहर, जानिए क्या है प्लान

Agra Bareilly Prayagraj Will Get New Cities: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने तीन जिलों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *