Breaking News

कोयला लोड ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा: युवक की मौके पर मौत, तेज रफ्तार और रूट उल्लंघन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लोड ट्रक ने बाइक सवार ग्रामीण को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और कोयला परिवहन करने वाले वाहनों की तेज रफ्तार तथा कथित रूट उल्लंघन को लेकर नाराजगी जताई।

नंदू उर्फ राजेंद्र कोल निवासी संगवा टोला, बंगवार से बाइक पर अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान दामिनी क्षेत्र से कोयला लोड कर संगवा साइडिंग जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने धनपुरी थाना क्षेत्र के बम्हौरी तिराहा, संगवा रोड पर उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला परिवहन करने वाले वाहन अधिक ट्रिप लगाने के लालच में तेज गति से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि परमिट के अनुसार दामिनी से कोयला लेकर ट्रकों को अमलाई ओसीएम गेट के रास्ते जाना चाहिए, लेकिन कई वाहन कथित तौर पर बंगवार-बम्हौरी मार्ग से होकर संगवा साइडिंग पहुंचते हैं, जिससे ग्रामीण सड़कें भी भारी वाहनों के दबाव में आ गई हैं।

हादसे के बाद मौके पर आक्रोशित ग्रामीण एकत्रित हो गए , लोगों ने प्रशासन से कोयला परिवहन वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण, निर्धारित मार्ग का सख्ती से पालन कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही धनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर कोयला परिवहन से जुड़े भारी वाहनों की तेज रफ्तार, यातायात नियमों के पालन और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Check Also

Corona Infection Update: वाराणसी में 27 माह के मासूम में कोरोना की पुष्टि, जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 4 हुई

वाराणसी और आसपास के जिलों में श्वसन संबंधी बीमारियों और कोरोना संक्रमण के मामलों में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *