Atiq son Umar Ali: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत पिछले दिनों हो गई थी. उसका अंतिम संस्कार प्रयागराज में किया गया. अंतिम संस्कार में जेल में बंद अबान के दोनों भाई भी शामिल हुए. अंतिम संस्कार के दौरान की एक मुलाकात की चर्चा सियासी गलियारों में हो रही है.
जेल में बंद अतीक के दोनों बेटे मोहम्मद उमर और अली अहमद कस्टडी पैरोल पर अबान के जनाजे में शामिल होने पहुंचे थे.अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद जेल लौटने से पहले उनकी मुलाकात AIMIM के यूपी प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली से हुई. इसी दौरान दोनों भाइयों ने पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के लिए अपना संदेश दिया.
क्या संदेश भेजा उमर ने ओवैसी को?
शौकत अली के मुताबिक, अबान को सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद उमर और अली को पुलिस सुरक्षा के बीच एक मस्जिद में नमाज के लिए ले जाया गया. वहां उमर ने उन्हें पहचान लिया. शौकत अली का कहना है कि दोनों भाइयों ने सलाम किया. इस दौरान उमर ने कहा कि कहा कि ओवैसी साहब तक उनका सलाम जरूर पहुंचा दें. जवाब में शौकत अली ने उन्हें हिम्मत बनाए रखने की बात कही.
शौकत अली ने अबान के जनाजे में दूसरे मुस्लिम नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि अतीक के नाम पर राजनीति करने वालों में से कई लोग उनके बेटे की अंतिम विदाई में नजर नहीं आए.
हथकड़ी में पहुंचे थे उमर और अली
उमर और अली दोनों पुलिस हिरासत में हथकड़ी लगाए हुए वहां पहुंचे थे. उमर ने अपने छोटे भाई की नमाज-ए-जनाजा खुद पढ़ाने की इच्छा जताई. इसके बाद दोनों भाइयों ने जनाजे को कंधा दिया. अबान को उनके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया गया.
AIMIM से रहा उमर का पुराना नाता
अतीक परिवार का AIMIM से पुराना राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है. 2021 में अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और बेटे उमर ने ओवैसी की पार्टी की सदस्यता ली थी. उमर ने बाद में पार्टी के लिए कई इलाकों में प्रचार और सभाओं में हिस्सा भी लिया. इसी वजह से उनकी शौकत अली से पहले से पहचान बताई जाती है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter