रतलाम जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शिवगढ़ के पास दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार घसीटते हुए आगे जाकर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
रतलाम जिले के शिवगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। खाटूश्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक से टकराने के बाद कुछ दूरी तक घिसटती चली गई और फिर पलट गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए।
4 लोगों की मौके पर मौत
हादसे के वक्त कार में कुल 9 लोग सवार थे। इनमें से तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी बताए जा रहे हैं।
टक्कर के बाद कुछ लोग किसी तरह कार से बाहर निकल पाए, जबकि कई लोग वाहन के अंदर फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही एनएचआई की एंबुलेंस टीम और शिवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
दो एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया
एनएचआई एंबुलेंस के स्टाफ संजय चरपोटा, पायलट प्रताप सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को दो एंबुलेंस की मदद से रात में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घटना की जानकारी घायलों और मृतकों के परिजनों को भी दी गई। बताया गया है कि झाबुआ जिला नजदीक होने के कारण परिवार के कुछ सदस्य रात में ही अस्पताल पहुंच गए।
खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और इंदौर, धार और झाबुआ जिलों से संबंधित बताए जा रहे हैं। परिवार राजस्थान में खाटूश्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान शिवगढ़ के पास यह हादसा हो गया।
सड़क किनारे खड़ा था ट्रक
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि ट्रक में कुछ खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। रात के समय कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक कथित तौर पर ट्रक को समय रहते नहीं देख पाया और कार सीधे उसके पीछे जा भिड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter