Breaking News

सेब-अनार की पेटियों में छिपाकर ले जा रहा था शराब, पुलिस की तलाशी शुरू होते ही इमरजेंसी गेट से कूदकर भागा तस्कर

शराब तस्करी के लिए तस्करों ने ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को शक तक न हो। सेब और अनार की पेटियों के भीतर शराब की बोतलें छिपाकर यात्री बस के जरिए बिहार ले जाई जा रही थीं। हालांकि, पुलिस की जांच ने तस्करी की इस तरकीब का पर्दाफाश कर दिया। बस में तलाशी शुरू होते ही आरोपी पकड़े जाने के डर से इमरजेंसी गेट से कूदकर फरार हो गया।

मामला बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे का है। पंडवा थाना क्षेत्र के एनएच-39 पर लोहड़ा स्थित प्लस टू सूरत उच्च विद्यालय के पास पुलिस ने मेदिनीनगर से औरंगाबाद जा रही यात्री बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में रखी फलों की पेटियों पर पुलिस की नजर पड़ी। संदेह होने पर जब पेटियों की जांच की गई तो उनके अंदर से शराब की बोतलें बरामद हुईं।

बताया जाता है कि तस्कर मेदिनीनगर से बिहार के अंबा जाने के लिए बस में सवार हुआ था। उसने शराब की बोतलों को सेब और अनार के डिब्बों में छिपा रखा था, ताकि फल की सामान्य खेप समझकर कोई उसकी जांच न करे। लेकिन पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही उसकी योजना नाकाम हो गई। गिरफ्तारी के डर से वह बस के पिछले हिस्से में बने इमरजेंसी गेट से कूदकर लोहड़ा पंचायत की ओर भाग निकला।

शराब की मात्रा का पता लगा रही पुलिस
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि फल की पेटियों से शराब जब्त की गई है। फिलहाल बरामद बोतलों की गिनती कराई जा रही है। इसके बाद ही शराब की कुल मात्रा और ब्रांड का खुलासा हो सकेगा। फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लोहड़ा पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।

Check Also

सौरव दास ने कोर्ट में सौंपे घर के सभी दस्तावेज, लेकिन रखी गोपनीयता की शर्त; SEM ने क्या दिया निर्देश?

Saurav Das: कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास ने अपने घर और पते को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *