ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मशहूर ब्रांड डेटॉल के साबुन के अंदर नहाने के दौरान ब्लेड निकलने के मामले में उपभोक्ता फोरम ने बड़ा एक्शन लिया है। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने इस मामले में गंभीर लापरवाही मानते हुए डेटॉल की पैरेंट कंपनी पर 50,000 रुपए का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही, स्थानीय दुकानदार और डिस्ट्रीब्यूटर पर भी सेवा में कमी के लिए 2-2 हजार रुपए का जुर्माना ठोक दिया गया है। आयोग ने सभी को 45 दिन के भीतर भुगतान करने के आदेश दिए हैं, ऐसा न करने पर 6 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज चुकाना होगा।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला ग्वालियर के उपभोक्ता अंगद सिंह तोमर की शिकायत से जुड़ा है। अंगद सिंह ने 21 मई 2025 को ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में स्थित मोहित किराना स्टोर से डेटॉल का साबुन खरीदा था। घर लाने के बाद जब उस साबुन का इस्तेमाल किया जा रहा था, तब नहाते समय उनके बच्चे के गाल पर अचानक कट लग गया और वह चोटिल हो गया।
जब साबुन की जांच की गई, तो उसके अंदर से एक तेज धार वाली ब्लेड निकली। उपभोक्ता का आरोप है कि जब उन्होंने इस बात की शिकायत की, तो दूसरे साबुन के पैकेट में भी इसी तरह की गड़बड़ी और ब्लेड मिलने की आशंका सामने आई।
राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन से लेकर आयोग तक पहुँचा मामला
इस गंभीर लापरवाही से आहत होकर उपभोक्ता अंगद सिंह तोमर ने सबसे पहले 27 मई 2025 को राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, वहां से उचित समाधान और संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने जिला उपभोक्ता आयोग में औपचारिक परिवाद दायर किया।
मामले की सुनवाई के दौरान उपभोक्ता आयोग ने उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों का बारीकी से अध्ययन किया। आयोग ने माना कि जानी-मानी कंपनियों के उत्पादों में इस तरह की खतरनाक वस्तु का निकलना सीधे तौर पर उत्पाद की गुणवत्ता और उपभोक्ता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के जीवन और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter