Jammu Kashmir Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। पहचान की प्रक्रिया चल रही है।
अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकी को घेर लिया। सुरक्षाबलों ने लतीफ को सरेंडर करने का मौका भी दिया। लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। जिसके बाद लतीफ को मार गिराया गया।
मस्जिद में छिपे होने की खबर, सुबह से जारी है फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लतीफ भट कुलगाम के देवसर इलाके के जांगलपोरा क्षेत्र में एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सरेंडर की अपील की जा रही है। बुधवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों से दोबारा संपर्क हुआ, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
सोमवार को मारा गया था साथी उमर निसार डार
इससे पहले सोमवार, 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें लतीफ भट का साथी उमर निसार डार मारा गया था, जबकि लतीफ भट सुरक्षाबलों के घेरे से बचकर निकल गया था। बताया गया कि इस दौरान लतीफ को गोली लगी थी। इसके बाद से उसकी तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।
CRPF नाके पर हमले से जुड़ा है मामला
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF नाके पर हमला हुआ था। मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। जांच में लतीफ भट और उमर निसार डार के नाम सामने आए थे।
पुलिस ने मंगलवार को CCTV फुटेज जारी किया था। इसमें दोनों को 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई इलाकों में घूमते हुए देखा गया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने हमले से पहले इन जगहों की रेकी की थी। हमले के बाद भागते समय भी उनकी गतिविधियां CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई थीं।
छह महीने से लतीफ को पनाह दे रहा था उमर
पुलिस के अनुसार, उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि उमर पिछले पांच से छह महीने से लतीफ भट को कथित तौर पर पनाह और दूसरी तरह की मदद दे रहा था। पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ी गईं।
लतीफ भट पर 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए हमले में शामिल होने का भी आरोप है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हुई थी। फिलहाल कुलगाम में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter