CG News: छत्तीसगढ़ में राशन वितरण में लापरवाही पर सीएम विष्णु देव साय ने सख्त रूख अपनाया है. सीएम साय ने कहा है कि हर पात्र परिवार को समय पर और पूरा राशन मिले. वहीं सीएम ने विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों में राशन वितरण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं.
आमानारा में पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत पर सीएम साय ने संज्ञान लिया. सीएम ने रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली और प्रभावित पात्र परिवारों को तत्काल राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
शिकायत के बाद राशन दुकान का लाइसेंस सस्पेंड
शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने पर संबंधित राशन दुकान का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया. वहीं पहाड़ी कोरवा और अन्य हितग्राहियों के लिए चिड़ोडी की राशन दुकान से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. सीएम विष्णु देव साय ने ई-पॉस मशीन की एंट्री और वास्तविक वितरण का मिलान करने के निर्देश दिए हैं.
इसके अलावा सीएम साय ने राशन वितरण में अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों और दूरस्थ क्षेत्रों में अतिरिक्त संवेदनशीलता के साथ राशन वितरण की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
अधिकारियों को सीएम साय ने दिए स्पष्ट निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कहा है कि आमानारा में राशन वितरण को लेकर सामने आई शिकायत जैसी स्थिति की दोबारा पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन को पात्र परिवारों तक राशन की समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और जवाबदेही दोनों जरूरी हैं. पात्र हितग्राहियों को उनके अधिकार का लाभ बिना किसी परेशानी और पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए. वहीं उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार राशन से वंचित न रहे. इसके लिए मैदानी स्तर से लेकर जिला स्तर तक व्यवस्था की नियमित समीक्षा और निगरानी की जानी चाहिए.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter