Raipur Crime News: मां की गोद से एक साल के बेटे को लेकर भागा पिता, ढाई घंटे में पुलिस ने खोज निकाला

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहृत एक वर्षीय बालक को महज ढाई घंटे में सकुशल बरामद कर उसकी मां से मिला दिया। पारिवारिक विवाद के दौरान पिता बच्चे को जबरन अपने साथ ले गया था। पुलिस ने बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल तलाश शुरू की और उसे सुरक्षित खोज निकाला। इस पूरे मामले का भावुक पहलू यह रहा कि जिस दिन बच्चा अपनी मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। पुलिसकर्मियों ने थाने में केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया।

पारिवारिक विवाद के बाद बच्चे को ले गया पिता
जानकारी के अनुसार, प्रिया पाण्डेय (26) की शादी वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुई थी। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद के चलते पिछले 7-8 महीनों से अलग रह रहे थे। 3 नवंबर को पति दलदल सिवनी स्थित पत्नी के घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान पति ने गाली-गलौज करते हुए पत्नी के साथ मारपीट भी की, जिससे उसे चोटें आईं।

आरोपी बच्चे और पत्नी का मोबाइल फोन लेकर गया
विवाद के बीच आरोपी ने बच्चे को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। शुरुआत में पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा, लेकिन शाम करीब 6 बजे आरोपी बच्चे और पत्नी का मोबाइल फोन जबरन लेकर वहां से चला गया। पत्नी के बार-बार कहने के बावजूद उसने बच्चे को वापस नहीं किया और उसके बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

पुलिस ने ढाई घंटे में खोज निकाला मासूम
एक वर्षीय बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए पंडरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल तलाश शुरू की। डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी आदित्य पाण्डेय और एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास किए। पुलिस ने महज ढाई घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने से मां ने राहत की सांस ली।

थाने में केक काटकर मनाया बच्चे का पहला जन्मदिन
इस मामले में पुलिस का संवेदनशील चेहरा भी सामने आया। 3 नवंबर को ही बच्चे का पहला जन्मदिन था। मां से बिछड़ने के बाद पुलिसकर्मियों ने थाने में ही केक काटकर नन्हे बच्चे का जन्मदिन मनाया और उसके साथ खुशियां साझा कीं। पुलिस की इस पहल ने मुश्किल समय से गुजर रहे परिवार को एक यादगार पल दिया।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लाकेश सिंह बंजारे (28), निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, गोबरा नवापारा के खिलाफ पंडरी थाने में अपराध क्रमांक 380/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296 और 115(2) में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Check Also

Dhanteras 2026: 6 नवंबर को धनतेरस, जानें सोना-चांदी खरीदने के शुभ मुहूर्त से लेकर पूजा विधि तक

दिवाली का त्योहार खुशियों, रोशनी और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। पांच दिनों तक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *