बिहार के औरंगाबाद में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-19 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में पिता-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। परिवार मुंबई से नवादा स्थित अपने गांव लौट रहा था।
यह हादसा नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक को झपकी आने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पिता-बेटे और नाना की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके 8 वर्षीय बेटे रितेश कुमार और राजकुमार के ससुर भगवान दास के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, भगवान दास और मासूम रितेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पत्नी, साले और ड्राइवर की हालत गंभीर
हादसे में राजकुमार की पत्नी किरण कुमारी, उनके साले नीतीश चौहान और स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुंबई से बस से बनारस पहुंचे थे, फिर बुक की स्कॉर्पियो
मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। वह अपनी पत्नी किरण कुमारी और बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस के जरिए बनारस पहुंचे थे। इसके बाद नवादा जिले के अपने गांव सलेमपुर जाने के लिए उन्होंने स्कॉर्पियो किराये पर ली थी।
गाड़ी में राजकुमार के ससुर भगवान दास, साले नीतीश चौहान और परिवार की एक अन्य महिला सदस्य भी सवार थीं। सभी लोग गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
गाड़ी में फंसे थे सभी लोग, स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, ट्रक से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा और एक साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में बैठे लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और राहत दल की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter