रसगुल्ला बताकर युवक को खिला दिया सुअर मार बम! मुंह में विस्फोट से गई जान, डिंडौरी में सनसनीखेज वारदात

जबलपुर। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत पड़रिया छांटा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक को मिठाई (रसगुल्ला) बताकर घातक ‘सुअर मार बम’ खाने के लिए दे दिया गया। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, एक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट से युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है।

आंगन में आग तापते समय दिया धोखा, चबाते ही फटा बम
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना मंगलवार देर शाम घटित हुई। मृतक की शिनाख्त पड़रिया छांटा निवासी 35 वर्षीय राजेन्द्र बरौतिया के रूप में हुई है। मंगलवार रात राजेन्द्र परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और राजेन्द्र के पास बैठ गया। बातचीत के बीच आरोप है कि रामभगत ने सुअर मार बम को रसगुल्ला बताकर राजेन्द्र को खाने के लिए दे दिया। अनजान राजेन्द्र ने विश्वास में आकर जैसे ही उसे मुंह में डालकर चबाया, तेज धमाके के साथ बम फट गया। धमाके की आवाज सुनकर परिजन सहम गए और लहूलुहान हालत में राजेन्द्र को तड़पता देख उनके होश उड़ गए।

हादसे के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल राजेन्द्र को ऑटो के जरिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण राजेन्द्र ने दम तोड़ दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

विस्फोटक के स्रोत और मंशा की जांच
पुलिस अब इस बात की गहन तफ्तीश में जुटी है कि आरोपी के पास यह प्रतिबंधित और जानलेवा विस्फोटक (सुअर मार बम) कहां से आया, और क्या यह जानबूझकर की गई साजिश थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश छिपी है।

Check Also

Bihar Accident: औरंगाबाद में ट्रक से भिड़ी स्कॉर्पियो, पिता-बेटे और नाना समेत 3 की मौत; तीन की हालत गंभीर

बिहार के औरंगाबाद में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-19 पर एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *