Kejriwal Threat News: पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को धमकी भरा कॉल, पैसे नहीं देने पर बेटी समेत हत्या की चेतावनी

Kejriwal Threat News: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के मोबाइल नंबर पर कॉल और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 7 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है।

पैसे न मिलने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से खत्म करने की धमकी दी गई है। इस गंभीर मामले में मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

विधायक जरनैल सिंह को मिला धमकी भरा कॉल और व्हाट्सएप मैसेज
मोहाली के एसएसपी को दी गई शिकायत में विधायक जरनैल सिंह ने बताया कि 6 नवंबर को उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक धमकी भरा कॉल आया और व्हाट्सएप पर भी संदेश भेजा गया। व्हाट्सएप पर भेजने वाले आरोपी की प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिख रहा था।

कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये देने के लिए कहें, अन्यथा उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा।

बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज, जांच शुरू
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिक जांच की और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी अधिनियम (IT Act) की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज कर लिया। साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार इस पूरे मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।

कॉल डिटेल, आईपी लॉग और सुरक्षा की मांग
शिकायतकर्ता विधायक ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और उसकी लोकेशन को तुरंत ट्रेस किया जाए। इसके अलावा, इस साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी करने और धमकी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाकर अरविंद केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा पुख्ता करने का आग्रह किया गया है। पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी सौंप दिए गए हैं।

Check Also

Bihar Accident: औरंगाबाद में ट्रक से भिड़ी स्कॉर्पियो, पिता-बेटे और नाना समेत 3 की मौत; तीन की हालत गंभीर

बिहार के औरंगाबाद में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-19 पर एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *