CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब शिक्षकों की संख्या बढ़ने वाली है. प्रदेश में स्कूलों में संवर्ग के खाली पदों पर भर्ती के लिए चरणबद्ध प्रक्रिया को तेज कर दिया है. चल रहे शिक्षा सत्र में सहायक शिक्षक, व्याख्याता और शिक्षकों के कुल 5 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके लिए सरकार वर्गवार भर्ती परीक्षा 29 नवंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित करेगी.
शुरुआत में 29 नवंबर को 854 पदों पर व्याख्याता (लेक्चरर) भर्ती परीक्षा होने वाली है. राज्य में होने वाली इस परीक्षा के लिए बस्तर जिले में 15 केंद्र स्थापित किए हैं. इस केंद्रों पर 3,771 उम्मीदवार शामिल होंगे. परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा किया जा रहा है.
विषयवार पदों पर होगी परीक्षा
व्याख्याता (लेक्चरर) भर्ती परीक्षा के अनुसार, हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के लिए 120-120 पद निर्धारित हैं. वहीं भूगोल, राजनीतिक शास्त्र, इतिहास और अर्थशास्त्र के लिए 100-100 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा भौतिकी के लिए 94 पद निर्धारित है. बताया जा रहा है कि शिक्षक संवर्ग में रही भर्ती प्रक्रिया के पूरे होने पर बस्तर संभाग को करीब डेढ़ हजार शिक्षक मिलने की उम्मीद है. इस भर्ती प्रक्रिया से आने वाले साल में शिक्षकों की कमी कुछ हद तक दूर हो सकेगी.
सुबह 10 बजे से शुरू होगी परीक्षा
बस्तर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर व्याख्याता (लेक्चरर) भर्ती परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे आयोजित की जाएगी. इसमें हिंदी अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के उम्मीदवार शामिल होंगे. इस परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिले के काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग महाविद्यालय, दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल-2, स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुर, स्वामी आत्मानंद स्कूल रेलवे कॉलोनी, स्वामी विवेकानंद स्कूल, आड़ावाल, पथरागुड़ा, बाल विहार, निर्मल स्कूल, ढेबरीधूर कॉलेज और आसना स्कूल समेत कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
परीक्षा केंद्रों पर आने उम्मीदवारों के लिए ड्रेस कोड भी लागू किया है. उम्मीदवारों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने पर एंट्री मिलेगी. केंद्रों पर गहरे रंग के कपड़े, आभूषण, घड़ी, मोबाइल, बेल्ट, जूता, टोपी, चश्मा समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे.
दिसंबर में होगी सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों पर भर्ती
राज्य में होने वाली इस व्याख्याता (लेक्चरर) परीक्षा के बाद अब अगले महीने यानी दिसंबर में सहायक शिक्षक के 2292 और 1654 शिक्षकों के पदों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी. शिक्षकों के खाली पद अंग्रेजी, संस्कृत, हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषय के रहेंगे. इसी में सहायक शिक्षक के लिए 2292 पदों में विज्ञान विषय के 200 पदों को भी शामिल किया गया है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter