इंदौर में साइबर ठगी के लिए लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उनका इस्तेमाल करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है। पुलिस ने मंगलवार को रतलाम निवासी मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को गिरफ्तार किया।
वह लोगों को 10-10 हजार रुपए का लालच देकर उनके बैंक खाते खरीदता था और इन खातों में देशभर से साइबर ठगी की रकम मंगवाता था। पुलिस ने खाता बेचने वाले इंदौर निवासी अंशु के खिलाफ भी धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
फेडरल बैंक के खाते की जांच में पकड़ाया आरोपी
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद फेडरल बैंक के एक संदिग्ध म्यूल अकाउंट की जांच शुरू की गई थी। तकनीकी जांच में पता चला कि खाते का मूल धारक इंदौर निवासी अंशु है।
पूछताछ में सामने आया कि अंशु ने 10 हजार रुपए लेकर अपने बैंक खाते का पूरा संचालन रतलाम जिले के आलोट स्थित मीना कॉलोनी निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा पुत्र काशीराम मीणा को सौंप दिया था। इसके बाद आरोपी इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम हासिल करने के लिए कर रहा था।
तमिलनाडु और तेलंगाना में भी दर्ज हैं केस
जांच में सामने आया कि इस बैंक खाते के खिलाफ दो राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इनमें तमिलनाडु के कल्लाकुरिची साइबर क्राइम थाने और तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर क्राइम थाने में दर्ज मामले शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता चला कि पप्पू ने इसी तरीके से कई अन्य लोगों को 10-10 हजार रुपए देकर उनके बैंक खाते हासिल किए थे। इन खातों का इस्तेमाल भी साइबर फ्रॉड की रकम के लेनदेन में किया गया। क्राइम ब्रांच आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरे खातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
ऑनलाइन गेमिंग के लिए 10 हजार में खरीदा बैंक खाता
दूसरी ओर, लसूड़िया पुलिस ने भी ऑनलाइन गेमिंग में इस्तेमाल के लिए बैंक खाते खरीदने वाले एक आरोपी को पकड़ा है। टीआई राजकुमार यादव की टीम ने शुभम पुत्र विनोद मालवीय निवासी धरियाखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया।
उसके पास से एसबीआई की चेकबुक और एटीएम कार्ड मिले हैं। ये दस्तावेज रतलाम के सांवलिया बैंकिंग पॉइंट से जुड़े विनोद के नाम पर हैं। पूछताछ में शुभम ने बताया कि उसने यह बैंक खाता 10 हजार रुपए में खरीदा था। पुलिस उससे अन्य खातों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter