Breaking News

दुमका में कोल माइंस की ग्राम सभा में बवाल, कंपनी के कर्मचारियों को बनाया बंधक; छुड़ाने पहुंची पुलिस पर पथराव

दुमका। झारखंड के दुमका जिले में कोल माइंस को लेकर आयोजित ग्राम सभा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। शिकारीपाड़ा प्रखंड के बादलपाड़ा-कल्याणपुर क्षेत्र में रविवार दोपहर बोरिंग के मुद्दे पर ग्रामीण भड़क गए और कोल कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बना लिया। देर रात बंधक कर्मियों को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस हमले में करीब नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

बंधक कर्मियों को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर हमला
जानकारी के अनुसार, बादलपाड़ा-कल्याणपुर क्षेत्र में प्रस्तावित कोल माइंस के लिए बोरिंग कराने के उद्देश्य से रविवार दोपहर ग्राम सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों और कंपनी के कर्मियों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बना लिया।

घटना की जानकारी मिलने पर देर शाम शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस गांव पहुंची और बंधक कर्मियों को मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उन्हें छोड़ने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद रात करीब 12 बजे मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।

अंधेरे में पुलिसकर्मियों पर बरसाए पत्थर और डंडे
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम बंधक कर्मियों को छुड़ाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। जवानों के मुताबिक, अचानक ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और पत्थरों तथा डंडों से हमला कर दिया।

इस घटना में आनंद मुर्मू, चार्ल्स मुर्मू, फूल कुमार यादव, विनोद दास, पूनम देवी, मुन्ना कुमार, शिवजी यादव, अनिल दास और अमरनाथ कुमार घायल हो गए। रात करीब दो बजे सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचे डीडीसी, घायलों का जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की जानकारी ली।

उन्होंने बताया कि कोल माइंस के लिए ग्राम सभा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान हंगामा हुआ और उग्र लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Check Also

उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में फिर हुई प्रतिमा की स्कैनिंग, सुबह-सुबह पहुंची प्रशासनिक टीम; CCTV फुटेज आया सामने

उज्जैन। उज्जैन में श्री खड़े हनुमान मंदिर में स्थापित अति प्राचीन प्रतिमा को हटाने का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *