रायपुर VIP रोड पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आधी रात बाद कैफे-होटल चलाने वाले 11 संचालक गिरफ्तार, 50 से अधिक को नोटिस

Raipur Midnight Cafe Raid: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड और आसपास के इलाकों में रातभर खुलने वाले होटल, बार और कैफे पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार रात से रविवार सुबह तक चली विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने 11 संचालकों और मैनेजरों को गिरफ्तार किया, जो देर रात तक अपने संस्थान चला रहे थे।

इस कार्रवाई ने न सिर्फ वीआईपी रोड, बल्कि मंदिरहसौद, विधानसभा, माना, अभनपुर जैसे उपनगरीय इलाकों में भी हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने 50 से अधिक होटल, ढाबा और फार्महाउस संचालकों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी है कि यदि आगे से नियमों का उल्लंघन हुआ, तो सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देर रात खुले कैफे बने पुलिस की नजर का निशाना
पुलिस ने बताया कि जिन संस्थानों पर कार्रवाई हुई, वे आधी रात के बाद भी खुले थे, जो लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन है। एफएमएप कैफे (वीआईपी रोड) से किशोर लोहिरा, सन्नी नागपाल और हिमांशु नागपाल, 007 कैफे से आदित्य गुप्ता, मंगल यादव और अभिषेक श्रीवास्तव, चाट डी हट्टी (मरीन ड्राइव) से ऐश्वर्य बाघ, मोमो मैजिक (मरीन ड्राइव) से विनोद तामंग, मंडल पान पैलेस (अग्रसेन चौक) से समीर मंडल, और अतरंगी पान पैलेस (लाभांडीह) से ऋषभ मोटवानी को हिरासत में लिया गया। इन सभी को थाने में घंटों बैठा कर पूछताछ की गई और फिर प्रक्रिया अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

कोर्ट ने तीन संचालकों को भेजा जेल
इनमें से आदित्य गुप्ता, मंगल यादव और अभिषेक श्रीवास्तव को पहले भी समझाइश दी गई थी, बावजूद इसके ये रात 12 बजे के बाद भी कैफे चला रहे थे। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने इन तीनों को जेल भेज दिया है, जो प्रशासन की सख्ती का साफ संकेत है कि अब बार-बार नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

गुमाश्ता एक्ट का उल्लंघन, नशे के संदेह पर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि गुमाश्ता एक्ट के तहत लाइसेंस नियमों का उल्लंघन पाया गया है। कई बारों और कैफे में अवैध रूप से नशे की चीजें परोसे जाने की आशंका भी जताई गई है। इससे पहले भी पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन संस्थानों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन को पत्र लिखा था, लेकिन नगर निगम ने इसे श्रम विभाग का विषय बताकर कार्रवाई से किनारा कर लिया। यह रवैया पुलिस की जांच को और भी जटिल बना रहा है।

अब नहीं चलेगी मनमानी: SSP
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि रायपुर में देर रात होटल, बार और कैफे की मनमानी अब नहीं चलेगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि रात के समय अपराध, नशा और ट्रैफिक अव्यवस्था को रोकने के लिए यह कार्रवाई बेहद जरूरी है। पुलिस ने जिन 50 से अधिक संस्थानों को नोटिस दिए हैं, उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा किसी तरह की अवैध गतिविधि, नियमों का उल्लंघन, पार्किंग में लापरवाही, या लाइसेंस संबंधी गड़बड़ी पाई गई, तो सीधी गिरफ्तारी और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई होगी।

Check Also

Kanker News: 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता की मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने पति-सास पर लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

पखांजूर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर थाना क्षेत्र के PV-39 इंद्रप्रस्थ गांव में 9 माह की गर्भवती …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *