यूनिवर्सिटी की नई डिजिटल व्यवस्था: QR कोड से डाउनलोड होगा एडमिट कार्ड, परीक्षा निगरानी के लिए टास्क फोर्स गठित

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा के लिए एडमिट कार्ड जारी करने की नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की है। अब छात्र QR कोड स्कैन कर सीधे लिंक के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को प्रवेश पत्र प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को कम करना है।

अब तक परीक्षा के दौरान कई छात्रों को एडमिट कार्ड लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को। इसे ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने यह नई व्यवस्था लागू की है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी QR कोड को स्कैन करने पर छात्र सीधे पोर्टल पर पहुंचेंगे और वहां से कम समय में अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

परीक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन मॉनिटरिंग की भी तैयारी की है। सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।

इसके साथ ही परीक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक टास्क फोर्स का गठन भी किया जा रहा है। परीक्षा शुरू होने के 15 से 30 मिनट के भीतर यदि किसी प्रश्न को लेकर छात्रों को कोई संदेह होता है, तो वे अपने क्लास टीचर को जानकारी देंगे। इसके बाद यह जानकारी केंद्र अधीक्षक के माध्यम से विश्वविद्यालय तक पहुंचाई जाएगी और वहां से तत्काल समाधान किया जाएगा।

इस व्यवस्था से यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र यह दावा न कर सकें कि प्रश्न सिलेबस से बाहर थे। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी।

विश्वविद्यालय से रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों के कुल 137 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इन महाविद्यालयों में अध्ययनरत बीए, बीएससी, बीकॉम, पीजीडीसीए, डीसीए और विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों के छात्र इस नई व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए छात्रों को परीक्षा आवेदन के समय उपयोग की गई यूजर आईडी या नामांकन क्रमांक और आधार नंबर का उपयोग करना होगा। इसके बाद वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध क्विक लिंक के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से छात्रों को समय पर और आसानी से प्रवेश पत्र मिल सकेगा और परीक्षा प्रक्रिया पहले से अधिक सुचारू तरीके से संचालित की जा सकेगी।

Check Also

CG News: 35 साल बाद अपने गांव पहुंचीं BJP की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, कहा- नक्सल का अंधेरा छंट रहा

CG News: भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक लता उसेंडी करीब 35 साल बाद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *