Breaking News

दुखद: सड़क हादसे में RJD के बड़े नेता की मौत, 4 लोग गंभीर रूप से घायल, लालू की ताजपोशी में शामिल होने के लिए पटना आते समय हुआ हादसा

पटना: जिले के फतुहा-खुसरूपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर आज शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें राजद के पंचायती राज प्रकोष्ठ के कटिहार जिला अध्यक्ष और मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष कौशल किशोर यादव (62) की मृत्यु हो गई।

कौशल किशोर यादव अपने बेटे और सहयोगियों के साथ बोलेरो गाड़ी से पटना के बापू सभागार में राजद के खुला अधिवेशन में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आने के कारण गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के समय बोलेरो में कुल पांच लोग सवार थे। कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के रोनिया गांव निवासी कौशल किशोर यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वे वर्तमान में रोनिया पंचायत के मुखिया होने के साथ-साथ मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष और राजद के पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भी थे।

हादसे में उनके पुत्र बंटी कुमार (35), राकेश कुमार (35), विमल कुमार मालाकार (55) और भागन यादव (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जबकि कौशल किशोर यादव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। फतुहा थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि यादव का शव पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हादसे के समय साथ चल रही दूसरी गाड़ी में मौजूद मोहम्मद तनवीर आलम ने बताया कि वे लोग शुक्रवार रात करीब 10 बजे कटिहार के रोनिया गांव से दो वाहनों में कुल 10 लोगों के साथ पटना के लिए निकले थे। खुसरूपुर के पास एक गाड़ी चाय पीने के लिए रुकी, जबकि बोलेरो आगे बढ़ गई। कुछ देर बाद पटना पहुंचने पर घायल बंटी कुमार ने फोन कर दुर्घटना और पिता की मौत की सूचना दी, जिसके बाद वे सभी तुरंत लौट गए।

इस हादसे की खबर फैलते ही राजद कार्यकर्ताओं सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी के नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Check Also

दिल्ली जल मंत्री प्रवेश वर्मा का बड़ा दावा: पानी और सीवर सुधारने के लिए नए प्रोजेक्ट्स, DJB घर की टंकियां साफ करने खुद आएगा

नई दिल्ली। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने राजधानी में पानी और सीवर की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *