Breaking News

Jamshedpur CNG Blast: पेट्रोल पंप पर CNG पाइप में जोरदार धमाका, कर्मचारी की मौत, दहशत में वाहन छोड़ भागे लोग

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के कालीमाटी रोड स्थित हावड़ा ब्रिज के पास आरके जैन भारत पेट्रोलियम पंप पर गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। कार में सीएनजी भरने के दौरान अचानक सीएनजी सिलेंडर का पाइप तेज धमाके के साथ फट गया। पाइप का नोजल निकलकर कर्मचारी के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सीएनजी भरते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान सोनारी निवासी तुषार कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि तुषार रात की ड्यूटी पर था और वाहनों में सीएनजी भरने का काम कर रहा था। एक कार में सीएनजी भरने के दौरान अचानक पाइप फट गया। तेज दबाव के साथ निकला नोजल उसके सिर से जा टकराया। हादसे में तुषार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।सहकर्मियों ने तत्काल उसे टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौता कमाऊ सदस्य था तुषार
परिजनों के अनुसार, तुषार परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पेट्रोल पंप संचालक से मुआवजे की मांग की है।

गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी
धमाके के बाद सीएनजी का तेज रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही गेल कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद गैस रिसाव को बंद किया। इस दौरान गोलमुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

धमाका होते ही वाहन छोड़कर भागे लोग
अचानक हुए धमाके से पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। लोग अनहोनी की आशंका से अपने वाहन वहीं छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। घटना के बाद पंप पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Check Also

गाड़ी हटाने के मामूली विवाद में 27 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या: ट्रैक्टर शोरूम संचालक था मृतक

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक दिल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *