बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा खुलासा, लंबे समय से चल रहा था सिंडिकेट, करोड़ों का सामान जब्त

दुर्ग : भिलाई इस्पात संयंत्र से करोड़ों रुपए के लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस की जांच अब बड़े खुलासे कर रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह कोई सामान्य चोरी नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा एक संगठित सिंडिकेट था, जिसने बीएसपी को करोड़ों का चूना लगाया.

बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा खुलासा
दरअसल 26 मई को भिलाई-3 थाना पुलिस ने ग्राम अकलीरहीह में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 250 टन चोरी का लौह स्क्रैप, फ्लू डस्ट, भारी वाहन, बैकहोलोडर और अन्य मशीनरी जब्त की थी। जब्त सामग्री की कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई. मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सिंडिकेट के कथित सरगना संजय सिंह को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया, जबकि स्क्रैप की नापतौल और बिक्री की तैयारी में शामिल आकाश सिंह को भी दबोच लिया गया.

लंबे समय से चल रहा था सिंडिकेट
जांच में यह भी सामने आया है कि बीएसपी प्लांट के भीतर ही फ्लू डस्ट परिचालन के नाम पर एक कार्यालय संचालित किया जा रहा था, जहां से पूरे नेटवर्क का संचालन होता था. पुलिस ने कार्यालय से वीडियो और फोटोग्राफी कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं. सूत्रों के मुताबिक कुछ हिस्ट्रीशीटरों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि पिछले छह महीनों में बीएसपी से सवा तीन हजार टन से ज्यादा लोहा चोरी कर बाहर खपाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 17 करोड़ 87 लाख 50 हजार रुपए है.

मामले में हिमांशु खंडेलवाल, गिरीश खंडेलवाल, जान सलीम और 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी अभय सिंह समेत कई संदिग्धों की तलाश जारी है. दुर्ग रेंज आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि पुलिस ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जो लोग पर्दे के पीछे रहकर इस पूरे खेल को संचालित कर रहे थे, उनके खिलाफ भी जांच जारी है. पुख्ता सबूत मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Check Also

CG News: कवर्धा के प्रसिद्ध मंदिर में चोरी, भगवान बजरंगबली का मुकुट चुरा ले गए चोर, इलाके में भारी आक्रोश

CG News: कवर्धा शहर के रेवाबंध तालाब के पास नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *