MP News: मां बगलामुखी मंदिर के पास काल बना उफनता नाला, कार बहने से 8 श्रद्धालुओं की मौत

MP News: आगर मालवा जिले के नलखेड़ा से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. मां बगलामुखी मंदिर के समीप बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी एक कार बह गई. इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि श्रद्धालु नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आए थे, इसी दौरान मंदिर के समीप बरसाती नाले को पार करते वक्त उनकी कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और पानी में बह गई.

रेस्‍क्यू अभियान जारी
इस हादसे में 3 बच्चों, 2 महिलाओं और 3 पुरुषों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची. बरसाती नाले में बही कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.

मौके पर अफरा-तफरी का माहौल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए हैं. जिस कार के हादसे का शिकार होने की जानकारी है, उसका नंबर MP 13 AF 7135 है और यह एस्प्रेसो कार बताई जा रही है. फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी है. मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया अभी जारी है.

मंदिर के सामने है बरसाती नाला
आगर मालवा के नलखेड़ा क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई है. पूरी रात जोरदार बारिश हुई, जिसके चलते मंदिर के सामने से गुजरने वाले बरसाती नाले में पानी का बहाव बढ़ गया. बता दें कि मां बगलामुखी मंदिर के सामने से ही बरसाती नाला निकलता है. मंदिर जाने के लिए श्रद्धालुओं को नाले पर बनी पुलिया को पार करनी होती है, जिसके बाद मंदिर आता है.

Check Also

UPI चार्ज के खिलाफ इंदौर के व्यापारियों का डिजिटल पेमेंट बंद करने का ऐलान, 23 सितंबर को ‘No UPI Day’

Indore News: यूपीआई पेमेंट पर शुल्क लगाने को लेकर अब मध्य प्रदेश की कमर्शियल कैपिटल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *