रांची में डेंगू का बढ़ता खतरा, 166 घरों की जांच में 29 मकानों में मिला एडीज मच्छर का लार्वा

रांची। राजधानी रांची में मानसून के बीच डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और कालाजार जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू सर्विलांस अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत शहरी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम घर-घर पहुंचकर संभावित मरीजों की पहचान कर रही है। साथ ही बुखार से पीड़ित लोगों की जानकारी जुटाने और एडीज मच्छर के प्रजनन स्थलों की जांच भी की जा रही है।

सर्विलांस के दौरान कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, टायरों और कबाड़ में रखे पानी वाले बर्तनों की विशेष जांच की गई। वार्ड संख्या 21, 22 और 23 में 76 घरों की जांच के दौरान 16 घरों में डेंगू के लार्वा मिले। यहां 680 बर्तनों की जांच में 25 बर्तनों में लार्वा पाया गया। वहीं वार्ड संख्या 5, 16, 27 और 28 में 90 घरों की जांच की गई, जहां 13 घरों और 566 बर्तनों में से 13 बर्तनों में लार्वा मिला। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान प्रतिदिन शहर के सात अलग-अलग वार्डों में चलाया जा रहा है, ताकि समय रहते डेंगू के संभावित खतरे पर नियंत्रण पाया जा सके।

लोगों से ‘ड्राइ-डे’ मनाने की अपील
सर्विलांस टीम ने निरीक्षण के दौरान लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सप्ताह में एक दिन ‘ड्राइ-डे’ मनाने, कूलर और पानी की टंकियों को नियमित रूप से खाली और साफ करने तथा कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई।

लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें। इसके अलावा पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने और मच्छररोधी उपाय नियमित रूप से अपनाने की भी सलाह दी गई है।

Check Also

Indore: कोर्ट जाते समय आरोपियों ने किया ‘प्‍लास्‍टर ड्रामा’, जेल पहुंचते ही गायब हुई प्‍लास्‍टर-पट्टियां, जानें पूरा मामला

Indore News: इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *