Breaking News

Indore: बिना हेलमेट पेट्रोल लेने आए बदमाशों ने पंप में आग लगाने की कोशिश की, माचिस की तीली जलाकर मशीन पर फेंकी

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में बदमाशों ने पेट्रोल पंप जलाने की कोशिश की. बाइक सवार 3 बदमाश बिना हेलमेट पेट्रोल लेने आए थे. पेट्रोल देने से मना करने पर बदमाशों ने चाकू निकाल लिया. इस दौरान बाइक सवार एक बदमाश ने माचिस की तीली जलाकर पेट्रोल पंप पर जलाने की कोशिश की. लेकिन गनीमत रही कि माचिस की तीली जली नहीं और फिर बदमाश मौके से भाग गए. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है.

कहा- पेट्रोल भी लेंगे और रुपये भी नहीं देंगे
पूरा मामला इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के छोटा बांगड़दा स्थित शुक्ला पेट्रोल पंप का है. यहां बाइक सवार तीन बदमाश बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे थे. लेकिन पेट्रोल पंप कर्मी ने बिना हेलमेट पेट्रोल देने से मना कर दिया. इसके बाइक सवार एक आरोपी ने चाकू निकाल लिया और कहा कि पेट्रोल भी लेंगे और रुपये भी नहीं देंगे, कोई क्या कर लेगा. तीनों बदमाश पेट्रोल पंप कर्मियों को धमकाते हुए नजर आए. इस दौरान एक बदमाश ने माचिस की तीली जलाकर मशीन पर फेंका लेकिन गनीमत रही कि तीली बुझ. वहीं घटना के बाद अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया लेकिन तभी बाइक सवार बदमाश मौके से भाग गए.

पुलिस ने मामला दर्ज किया
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें लाल-सफेद लाइनिंग टी-शर्ट पहने एक युवक माचिस की तीली जलाकर पंप पर फेंकते नजर आ रहा है. पेट्रोल पंप संचालक ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.

‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ की मुहिम
सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने के लिए इंदौर और भोपाल में “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” मुहिम चलाई गई है. कलेक्टर ने भी आदेश जारी करते हुए कहा है कि बिना हेलमेट पहने बाइक और स्कूटी चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा. यह कदम सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है. हालांकि लोग अभी भी नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और बिना हेलमेट ही पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने पहुंच रहे हैं.

Check Also

Delhi CJP Protest: प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट! 57 मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदी और ट्रेनों को लेकर बड़ा अपडेट

CJP Protest: देश की राजधानी दिल्‍ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *