Breaking News

रायपुर रेलवे मंडल में विकास की बढ़ेगी रफ्तार: GM के साथ सांसदों की बैठक में यात्री सुविधाओं और नई ट्रेनों पर हुई अहम चर्चा

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल में यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर सोमवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई. मंडल कार्यालय रायपुर के प्रथम तल सभागार में हुई यह बैठक रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.

इस बैठक में बृजमोहन अग्रवाल – सांसद / रायपुर लोकसभा, विजय बघेल – सांसद/ दुर्ग लोकसभा, भोजराज नाग – सांसद/ कांकेर लोकसभा, महेश कश्यप – सांसद/ बस्तर लोकसभा , रूपकुमारी चौधरी – सांसद/ महासमुन्द लोकसभा, रंजीत रंजन – सांसद/राज्य सभा सहित सांसदों के प्रतिनिधि-अरुण सिंह चौहान (तोखन साहू – राज्यमंत्री / आवास और शहरी मंत्रालय भारत सरकार), सद्दाम सोलंकी (फूलोदेवी नेताम- सांसद/ राज्यसभा), और मंडल रेल प्रबंधक रायपुरदयानंद, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और मंडल के अधिकारीगण उपस्थित रहे.

यात्री सुविधाओं पर हुआ विस्तृत प्रजेंटेशन
बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, तरुण प्रकाश ने उपस्थित सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी के मार्गदर्शन और बहुमूल्य सुझाव का लाभ हमें अपनी सेवाओं को बेहतर करने में मिलेगा. बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं और विकासात्मक कार्यों का ब्यौरा सांसदों के समक्ष प्रस्तुत किया गया. इसी क्रम मेंदयानंद, मंडल रेल प्रबंधक ने रायपुर मंडल में यात्री सुविधाओं से संबन्धित किए जा रहे कार्य, आधारभूतसंरचना का विकास, अमृत भारत स्टेशनों पर जारी विकास कार्यों, गाड़ियों का क्षमता आवर्धन, वरिष्ठ व दिव्यांगजनों और महिलाओं के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाएं जैसे अक्षिता सेफ बबल, मेरी सहेली अभियान आदि का विशेष उल्लेख करते हुए स्वच्छता अभियान, रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, यात्री, संरक्षा, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण आदि की विस्तृत जानकारी पॉवर पॉइंट के माध्यम से दी.

सांसदों ने रखे सुझाव और मांगे सुविधाएं
रेलवे मंडल में हो रहे विकास कार्यों और उपलब्ध यात्री सुविधाओं को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लेने वाले सांसदों ने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित जन सरोकारों के मुद्दे उठाते हुए स्थानीय स्तर की समस्याओं और जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया. बैठक में विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, ट्रेनों की समयबद्धता, नई रेल सेवाओं की शुरुआत, मौजूदा सुविधाओं के उन्नयन, ट्रेनों के ठहराव और विस्तार सहित स्टेशन पर उपलब्ध गुड्स शेड को स्थानांतरित कर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विकास करने व अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई.

महाप्रबंधक ने दिए प्राथमिकता से निस्तारण के आश्वासन
महाप्रबंधक ने सभी सांसदों को अपने-अपने क्षेत्र की जनता की आकांक्षाएं और अपेक्षाओं से रेल प्रशासन को अवगत कराने और विकासात्मक सुझाव देने के लिए धन्यवाद दिया. महाप्रबंधक ने बैठक में उठाए गए मुद्दों और सुझावों को नियमानुसार प्राथमिकता के साथ पूरा करने के प्रयास के प्रति आश्वस्त किया.

बैठक के अंत में उप महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सुझाव देने और बैठक को सफल बनाने हेतु सभी सांसदों और सांसद प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया.

Check Also

Rakhi 2026: रक्षाबंधन पर धान, धनिया के फल से सजेंगी भाई की कलाईयां, मुंगेली में बने अनोखी राखी की हो रही चर्चा

Paddy Coriander Seeds Rakhi Innovation: राखी का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में तरह-तरह की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *