Katni Rice Scam: 4.42 करोड़ का सरकारी चावल गायब, 32 में से 31 ट्रक गोदाम नहीं पहुंचे; चार साझेदारों पर FIR

कटनी: कटनी जिले से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत भेजा गया 4 करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रुपए कीमत का फोर्टिफाइड चावल रास्ते से गायब होने का मामला सामने आया है। कटनी से इंदौर, नीमच और हरदा के लिए 32 ट्रकों में चावल रवाना किया गया था, लेकिन इनमें से 31 ट्रक निर्धारित गोदामों तक नहीं पहुंचे। जांच में डिलीवरी की पावतियां भी फर्जी पाई गईं। इसके बाद रंगनाथ नगर थाना पुलिस ने परिवहनकर्ता फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार साझेदारों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

यह खाद्यान्न वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच भेजा गया था। कुल 21,765 बोरियों में 10,797.18 क्विंटल चावल लोड था। इसमें इंदौर के लिए 8 ट्रकों में 2,641 क्विंटल, हरदा के लिए 14 ट्रकों में 4,763 क्विंटल और नीमच के लिए 10 ट्रकों में 3,569 क्विंटल चावल भेजा गया था। जांच में सामने आया कि हरदा और नीमच के सभी ट्रक तथा इंदौर के 8 में से 7 ट्रक गोदाम नहीं पहुंचे। केवल एक ट्रक की डिलीवरी हुई।

कंप्यूटर से तैयार की गईं फर्जी पावतियां
मामले का खुलासा कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर कराई गई जांच में हुआ। परिवहन फर्म के साझेदारों ने चावल की डिलीवरी होने का दावा करते हुए पावतियां पेश की थीं। जब हरदा, नीमच और इंदौर के अधिकारियों से इनका सत्यापन कराया गया तो पावतियां फर्जी निकलीं।

जांच में पाया गया कि पावतियों पर केंद्र प्रभारियों के हस्ताक्षर और सील कंप्यूटर से पेस्ट किए गए थे। संबंधित जिलों के आवक रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल पर भी चावल प्राप्त होने की कोई एंट्री नहीं मिली।

चार साझेदारों के खिलाफ FIR
मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के कटनी प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर की शिकायत पर पुलिस ने फर्म के चार साझेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें भोपाल निवासी दीपक जैन, चाकघाट रीवा निवासी किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और त्योंथर रीवा निवासी मनोज कुमार तिवारी शामिल हैं।

फर्म पर प्रतिबंध, सात दिन में जांच रिपोर्ट के निर्देश
जांच रिपोर्ट में फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के कृत्य को निविदा की शर्तों के विपरीत पाया गया। इसके बाद नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक ने फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य से प्रतिबंधित कर दिया है।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

गौरतलब है कि फोर्टिफाइड चावल में आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे पोषक तत्व मिलाए जाते हैं। इसका उद्देश्य PDS के लाभार्थियों को एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं से बचाने में मदद करना है।

Check Also

वडोदरा में जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, AK-47 और 23 कारतूस मिलने से मचा हड़कंप

राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गुजरात एटीएस लगातार अभियान चला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *