कारोबारी के घर बड़ी चोरी : बाथरूम की खिड़की तोड़कर बंगले में घुसे चोर, जेवर समेत लाखों रुपए नगद किया पार

रायपुर: राजधानी रायपुर के पॉश इलाके खम्हारडीह स्थित गोल्डन होम्स में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात लाखों रुपयों की बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले में धावा बोलकर लाखों का माल पार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची क्राईम ब्रांच और खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, गोल्डन होम्स के गेट नंबर-2 के पास स्थित कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले के बाथरूम की खिड़की तोड़कर चोर घर में दाखिल हुए। वारदात के वक्त कारोबारी भरत छाबड़िया अपने परिवार के साथ घर में ही मौजूद थे। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो कमरों का सामान बिखरा मिला और अलमारी खुली थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
परिजनों के अनुसार, चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के जेवर, चांदी के जेवरात और लगभग 10 लाख रुपये नगद ले गए। चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
गोल्डन होम्स जैसी पॉश कॉलोनी में परिवार के मौजूद रहते चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी भावेश गौतम ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जाँच में टीम जुट गई है। अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जाँच की जा रही है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।

Check Also

Kanker News: 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता की मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने पति-सास पर लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

पखांजूर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर थाना क्षेत्र के PV-39 इंद्रप्रस्थ गांव में 9 माह की गर्भवती …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *