कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर रविवार रात करीब 8 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पांच वर्षीय मासूम सहित चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास हुई। एक तेज रफ्तार बाइक बुधवारी की ओर से आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। दूसरी बाइक टीपी नगर की ओर से आ रही थी, जिस पर पति-पत्नी और उनका छोटा बच्चा बैठे थे। आमने-सामने टक्कर होने से सभी सड़क पर गिर गए।
हादसे में पांच साल के बच्चे को गंभीर चोट आई है, जबकि उसकी मां के सिर पर चोट लगी है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों किनारों पर चारपहिया और अन्य वाहन खड़े रहने तथा दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किए जाने से मार्ग संकरा हो गया है। तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
टीपी नगर से बुधवारी बाईपास तक सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पूर्व में भी बुधवारी घोड़ा चौक के पास तेज रफ्तार वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नगर निगम द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर से पहले जैसी हो जाती है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter