Breaking News

21 दिन में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: रायगढ़ में अवैध लकड़ी और पत्थर ढोते 6 ट्रैक्टर जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध लकड़ी और पत्थर परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। 23 जनवरी से 12 फरवरी के बीच 21 दिनों में उड़नदस्ता टीम ने कुल 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। सभी वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वन विभाग को लगातार लकड़ी तस्करी और बोल्डर-पत्थरों के अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद निगरानी बढ़ाते हुए अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। 23 जनवरी को जोरापाली के पास एक ट्रैक्टर में लगभग 10 क्विंटल प्रतिबंधित मिश्रित प्रजाति की लकड़ी अवैध रूप से ले जाते पकड़ी गई। चालक मौके से फरार हो गया।

31 जनवरी को खरसिया से रायगढ़ की ओर पत्थर लोड कर लाए जा रहे दो ट्रैक्टरों को छातामुड़ा चौक पर रोका गया। इस मामले में बोतल्दा निवासी नीरज कुमार और कन्हैया सारथी को गिरफ्तार किया गया। 3 फरवरी को वनभूमि क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी डालते दो ट्रैक्टर पकड़े गए, जिनमें विदेशी राठिया और रछिन्दर राठिया को हिरासत में लिया गया।

12 फरवरी को एनएच मार्ग पर करीब 10 टन प्रतिबंधित मिश्रित प्रजाति की लकड़ी से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। इस मामले में पुसौर निवासी योगेश साव और रामकुमार चौहान को पकड़ा गया।

जब्त सभी ट्रैक्टरों को बेलादुला डिपो में रखा गया है। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वन परिक्षेत्राधिकारी संजय लकड़ा ने बताया कि विभाग ने गश्त बढ़ा दी है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है, ताकि वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Check Also

CGPSC Scam: ED का बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में करेगी पेश

CGPSC Scam: छत्तीसगढ़ के चर्चित CGPSC घोटाला मामले में CBI के बाद अब ED ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *