बिहार में युवक की आंख में गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में दिया गया घटना को अंजाम

Bihar Crime: बिहार में इन दिनों अपराधिक घटनाएं अपने चरम पर हैं. खासकर राजधानी पटना में बदमाशों का खुलेआम आतंक देखने तो मिल रहा है. पिछले 3 दिनों में लगातार जहां अपराधियों ने दो-दो लोगों को गोली मारी. वहीं, कल शुक्रवार (14 जून) को अपराधियों ने दानापुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना गोला रोड डॉक्टर डी राम डीएवी स्कूल के पास की है.

इलाज के दौरान मौत
गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में लोग उसे लेकर दानापुर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. हालांकि युवक के परिजन उसे पीएमसीएच ले जाने के बजाय राजा बाजार स्थित पारस अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है.

आंख और कान के पास मारी गोली
युवक की पहचान संतोष राय के पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मृतक तीन दोस्तों के साथ बाइक पर घर से बाहर निकला था. इस दौरान गोला रोड के पास किसी बात को लेकर एक युवक के साथ इनकी कहासुनी हो गई. इस बीच एक युवक ने पिस्तौल निकालकर श्रवण पर गोली चला दी, जो उसके आंख और कनपटी के पास जाकर लगी. गोली मारने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए. वहीं, श्रवण खून से लहुलूहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा. उसके दोस्त और अन्य लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे.

पुराने विवाद के कारण हुई घटना
मृतक श्रवण कुमार दियारा के बिशनपुर के रहने वाले संतोष राय का बड़ा पुत्र था, जो वर्तमान में दानापुर के गोसाइटोला में रहता था. कहा जा रहा है कि किसी पूर्व में हुए विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है.

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दानापुर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है. वहीं, अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस आस पास के लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. खबर के मुताबिक पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर ली है. उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है.

Check Also

India Petroleum Reserves: अगर संकट हुआ तो भारत के पास कितने दिन का है पेट्रोल भंडार? मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया

Petrol Reserve of India: दुनियाभर में पेट्रोल भंडार को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. भारत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *