Breaking News

बस्तर में प्रेम की आस्था का अनोखा मंदिर, प्रेमिका की तस्वीर चढ़ाकर प्रेमी मांगते हैं मन्नत

बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में स्थित मुकड़ी मावली माता का मंदिर अपनी अनोखी परंपराओं और मान्यताओं के कारण विशेष पहचान रखता है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां विराजी देवी को प्रेम की देवी के रूप में पूजा जाता है, जो सच्चे प्रेमियों की मन्नत पूरी करती हैं। मंदिर में केवल प्रेमी युवक ही प्रवेश कर सकते हैं, जबकि लड़कियों और महिलाओं का प्रवेश वर्जित माना जाता है।

यह मंदिर छिंदनार से बारसूर जाने वाले मार्ग से लगभग 100 मीटर अंदर स्थित है। परंपरा के अनुसार प्रेमी अपनी प्रेमिका के साथ मंदिर नहीं आते, बल्कि उसकी तस्वीर या कोई प्रतीकात्मक वस्तु लेकर देवी के चरणों में अर्पित करते हैं। साथ ही वे अपनी मन्नत पत्र में लिखकर तस्वीर को पत्थरों के नीचे रखते हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से अधूरी प्रेम कहानी पूरी होती है और बिछड़े प्रेमियों को मिलाने का आशीर्वाद मिलता है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर प्राचीन समय से आस्था का केंद्र रहा है और इसके स्थापना काल के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी युवा यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर परिसर में रखी गई तस्वीरें और पत्र इस विश्वास का प्रमाण माने जाते हैं। कई श्रद्धालुओं का दावा है कि यहां मन्नत मांगने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया और उन्हें अपने प्रेम से मिलन का अवसर मिला।

मंदिर के जानकारों के अनुसार कई श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने के बाद दोबारा मंदिर पहुंचते हैं और देवी को सिंदूर, नारियल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते हैं। मंदिर का गर्भगृह पत्थरों से बना है और चार स्तंभों के सहारे खड़ा है। मंदिर परिसर तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़क से सीसी सड़क बनी हुई है और इसके बाद चट्टानों पर चढ़कर देवी के दर्शन किए जाते हैं।

मंदिर में चढ़ाए गए पत्र और तस्वीरों को पुजारी सुरक्षित रखते हैं और किसी को उन्हें छूने या देखने की अनुमति नहीं होती। यह मंदिर प्रेम और आस्था का प्रतीक माना जाता है, जहां श्रद्धालु बिना किसी शोर-शराबे के अपनी मन्नत मांगकर लौट जाते हैं।

Check Also

Raipur Drug Bust: 24 घंटे में 1.27 क्विंटल गांजा जब्त, ₹64 लाख की खेप के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग पकड़ा गया

रायपुर. रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *