मस्तूरी गोलीकांड में फरार आरोपी की तलाश तेज, आधी रात घर पर पुलिस की दबिश, नहीं मिला सुराग

मस्तूरी क्षेत्र में हुए गोलीकांड के फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने देर रात सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने मुख्य आरोपी नागेंद्र राय के घर पर दबिश दी, जहां डॉग स्क्वायड और हथियारबंद जवानों के साथ करीब ढाई घंटे तक तलाशी ली गई, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस टीम रात करीब एक बजे तोरवा क्षेत्र के लालखदान-महमंद इलाके में पहुंची और घर के हर कमरे की जांच की। तलाशी के दौरान आरोपी की मौजूदगी के कोई संकेत नहीं मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह क्षेत्र से बाहर भाग चुका है।

इस दौरान आरोपी के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और बहस करते हुए तलाशी में बाधा डालने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिजनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने इस मामले में नागेंद्र राय और उसके सहयोगी तारकेश्वर पाटले पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घटना 29 अक्टूबर की है, जब मस्तूरी बस स्टैंड स्थित एक कार्यालय में नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग की थी। जवाबी फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। जांच में सामने आया कि यह वारदात आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी।

इस मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Check Also

लॉज में सेक्स रेकेट का खुलासा, आपत्तिजनक हालत में तीन युवक-युवतियां पकड़ाई

दुर्ग : जिले में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *