Indore Mumbai Superfast Special Train: इंदौर-मुंबई के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. मंगलवार से दोनों शहरों के बीच एक नई एसी स्पेशल ट्रेन की शुरुआत हो रही है, जो शाम 5 बजे इंदौर से रवाना होकर करीब 14 घंटे 30 मिनट में 827 किलोमीटर का सफर तय कर मुंबई पहुंचेगी. ट्रेन की औसत रफ्तार लगभग 56.3 किमी प्रति घंटा रहेगी. पहले ही दिन एसी फर्स्ट, सेकंड और थर्ड एसी में 65 प्रतिशत से अधिक सीटें बुक हो चुकी हैं, जिससे इस रूट पर यात्रियों की भारी मांग साफ नजर आ रही है.
सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
यह स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शनिवार को इंदौर से चलेगी, जबकि मुंबई से यह सोमवार और शुक्रवार को रवाना होगी. मुंबई से चलकर ट्रेन मंगलवार को इंदौर पहुंचेगी और उसी दिन शाम को वापस मुंबई के लिए रवाना हो जाएगी. इसके शुरू होने से अवंतिका एक्सप्रेस और इंदौर-दौंड एक्सप्रेस में यात्रियों का दबाव कम होने की उम्मीद है.
क्या होगा ट्रेन का समय?
रेलवे इस ट्रेन का संचालन 17 कोच के साथ करेगा. इंदौर से यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7.10 बजे मुंबई पहुंचेगी. वहीं मुंबई से रात 11.20 बजे रवाना होकर यह ट्रेन अगले दिन सुबह 10.55 बजे इंदौर पहुंचेगी. इंदौर से मुंबई के लिए ट्रेन 56.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी, जबकि मुंबई से इंदौर के बीच इसकी औसत स्पीड 60.51 किमी प्रति घंटा रहेगी और यह सफर करीब 13 घंटे 40 मिनट में पूरा होगा.
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन उज्जैन, रतलाम, दाहोद और सूरत जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इससे मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा पहले से ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी.
तेजस बंद होने के बाद नया विकल्प
इंदौर-मुंबई के बीच यह एसी स्पेशल ट्रेन तेजस एक्सप्रेस के बंद होने के बाद शुरू की जा रही है. रेलवे ने 31 मार्च को तेजस ट्रेन का संचालन रोक दिया था. अब नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को बेहतर और भरोसेमंद विकल्प मिल गया है.
शारजाह फ्लाइट की बुकिंग फिर शुरू
इंदौर से शारजाह के बीच हवाई सेवा भी दोबारा शुरू होने की तैयारी में है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 1 मई से फ्लाइट की बुकिंग शुरू कर दी है. फिलहाल राउंड ट्रिप का किराया 60 से 67 हजार रुपए तक पहुंच रहा है. ईरान-इजराइल तनाव के कारण 27 फरवरी से यह सेवा बंद थी, जिसे अब हालात सामान्य होने पर फिर शुरू किया जा रहा है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter