नए CDS होंगे लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, लेंगे अनिल चौहान की जगह, जानें कब से संभालेंगे पद

General N S Raja Subramani: देश की सैन्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है. वे मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है. इसके बाद ही सुब्रमणि ये पद संभालेंगे. इसके साथ-साथ वह रक्षा मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स में सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे. वे इस समय सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में मिलिट्री एडवाइजर के तौर पर काम कर रहे हैं.

लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि भारतीय सेना के बेहद अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं. उनको साल 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था और उन्होंने करीब चार दशक तक सेना में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. इससे पहले वे वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और सेंट्रल कमांड के प्रमुख भी रह चुके हैं.

जनरल राजा सुब्रमणि ने जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर और पश्चिमी सीमा जैसे संवेदनशील इलाकों में ऑपरेशनल जिम्मेदारियां निभाई हैं. इसके अलावा वे मिलिट्री इंटेलिजेंस और रणनीतिक मामलों से जुड़े कई अहम पदों पर भी तैनात रहे हैं.

सेना के आधुनिकीकरण पर रहेगा फोकस
राजा सुब्रमणि की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और थिएटर कमांड जैसे बड़े सैन्य सुधारों पर काम कर रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में सेना के आधुनिकीकरण और संयुक्त सैन्य रणनीति को और गति मिल सकती है. मतलब यह कि उनके ही नेतृत्व में यह तय किया जाएगा कि आने वाले समय में दुश्मनों से किस तरीके से न‍िपटना है.

कृष्णा स्वामीनाथन बने नौसेना प्रमुख
इसी के साथ सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को नया नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है. वे 31 मई से पदभार संभालेंगे. कुल मिलाकर सरकार की तरफ से यह फैसला सेनाओं को एडवांस करने की तरफ माना जा रहा है. चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ तीनों सेनाओं से जुड़े मामलों में प्रमुख सैन्य सलाहकार के रूप में काम करता है.

Check Also

सड़क पर दौड़ी मौत: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, ड्राइवर की मौत

ग्रेटर नोएडा। यूपी के ग्रेटर नोएडा में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *