सूखे नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, एमडीएमए की बड़ी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के आरोपी युवक रामनिवास माचरा पिता भंवरलाल माचरा (22) निवासी ग्राम केरला नाडा बिकमकोर, थाना मतोडा, जिला फलोदी, राजस्थान को 106.19 ग्राम एमडीएमए (MDMA) के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ और आईफोन की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी Raipur में एमडीएमए की खेप सप्लाई करने के इरादे से पहुंचा था।

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की मॉनिटरिंग में की गई।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 9 अगस्त को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति एमडीएमए (MDMA) लेकर खड़ा है और उसे बेचने की तैयारी में है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को मौके पर भेजकर सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। संयुक्त पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू की। मुखबिर से मिले हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर घेराबंदी की गई और उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामनिवास माचरा, निवासी राजस्थान बताया।

बैग की तलाशी में मिली एमडीएमए
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें एमडीएमए बरामद हुआ। आरोपी के कब्जे से 106.19 ग्राम एमडीएमए और एक आईफोन जब्त किया गया है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। मामले में गंज थाने में अपराध क्रमांक 243/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 22(ग) में अपराध दर्ज किया गया है।

साथियों के कहने पर रायपुर आया था
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एमडीएमए (MDMA) की बिक्री करता है। वह साथियों के कहने पर मादक पदार्थ की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने आया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को एमडीएमए की खेप कहां से मिली थी और रायपुर में इसे किसे सौंपना था। इसके अलावा उसके साथ जुड़े अन्य लोगों, सप्लायर और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

73 मामलों में अब तक 163 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 73 मामलों में 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में पुलिस ने करीब 5.47 करोड़ रुपए कीमत की विभिन्न सामग्री और मादक पदार्थ जब्त किए हैं।

जब्ती में 588.97 किलोग्राम गांजा, 27,875 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, 173 ग्राम एमडीएमए, 4.55 ग्राम कोकीन, 20.740 ग्राम हेरोइन, 251 शीशी सिरप, 71 ग्राम अफीम सहित अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं। इसके अलावा 13.55 लाख रुपये नकद, आठ चारपहिया वाहन, 11 दोपहिया वाहन और 81 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

Check Also

Congress Protest In Chandigarh: पंजाब सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, CM आवास की ओर बढ़े नेताओं पर वाटर कैनन

पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते गैंगस्टर कल्चर, नशे के प्रकोप, और सरकारी कर्मचारियों के बकाया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *