NEET UG Re-Exam: नीट यूजी का 21 जून को फिर से एग्जाम होने वाला है. इसके लिए शासन और प्रशासन ने इस बार कमर कस ली है. परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया है. पेपर लीक और दूसरी गड़बड़ियां ना हों, इसके लिए इस बार जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है. इसके साथ ही किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए साइबर कमांडो को तैनात किया जाएगा.
38 साइबर कमांडो की तैनाती होगी
DGP कैलाश मकवाना ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को प्रश्न पत्र मिलने से लेकर एग्जाम खत्म होने तक हर चरण में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. इस बार प्रदेश में 283 परीक्षा केंद्रों पर 1.18 लाख परीक्षार्थी एग्जाम देंगे. ऑनलाइन अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए 38 साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे.
सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि 20 जून तक वे परीक्षा केंद्रों, प्रश्नपत्र भंडारण स्थल और संबंधित बैंक का दौरा करके निरीक्षण करें. सेंटर्स पर सीसीटीवी कैमरे, मेटल डिटेक्टर और एंट्री व्यवस्था की जांच की जाएगी.
अंतिम 72 घंटे में होगी विशेष निगरानी
होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और कोचिंग संस्थानों की जांच की जाएगी. एग्जाम होने के 72 घंटे पहले विशेष निगरानी की जाएगी. इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को लागू किया जाएगा.
टेलीग्राम पर अस्थायी रोक
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी तौर से रोक लगा दी गई है. नीट यूजी का एग्जाम आयोजित कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर सरकार ने ये फैसला लिया है. सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत आदेश जारी किया गया है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter