रायपुर, 9 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों को केवल औपचारिक आयोजन न बनाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा केवल समय का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनसेवा और नेतृत्व की लंबी यात्रा है। अभियान के जरिए इस सेवा यात्रा के प्रति आभार के साथ विकसित भारत के संकल्प को गांव, वार्ड और विकासखंड स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों और वरिष्ठ नागरिकों को जोड़ते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

अभियान में ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के जरिए विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास होगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक स्वच्छता और अन्य सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे, जबकि ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा।

अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter