Breaking News

चतरा में हथियार और कारतूस के साथ कथित टीएसपीसी समर्थक गिरफ्तार, जंगल से 50 जिंदा गोलियां बरामद

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने हथियार और गोलियों के साथ एक कथित टीएसपीसी समर्थक को गिरफ्तार किया है। चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर साई नाथ लाइन होटल के पास हुई कार्रवाई में आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए 50 जिंदा कारतूस और दो खोखा भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी का संपर्क राहुल दुबे गैंग से भी था।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि 11 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि साई नाथ लाइन होटल के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम होटल के पास पहुंची तो एक व्यक्ति मैदान से जंगल की ओर भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

जंगल में छिपाकर रखे थे कारतूस
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए 50 जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त छह मिसफायर गोलियां भी जब्त की गईं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के मुरपा निवासी मुकेश गंझू के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि कट्टा और गोलियां उसे टीएसपीसी के एक नक्सली ने दी थीं। पुलिस उसके राहुल दुबे गैंग से संपर्क की भी जांच कर रही है।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 421/2026 के तहत आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार और सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Check Also

आखिरी ओवर में प्रिंस यादव का धमाका, लगातार 3 चौके जड़कर श्रीसंत-अश्विन के खास क्लब में बनाई जगह

Three Fours in Final Over: इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मैच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *